वह रविवार का दिन था। जनवरी का महीना। ठंढ अभी गई नहीं थी। वैसे भी देहरादून में ठंढ का मौसम अमूमन फ़रवरी तक होता है। मन हो रहा था कहीं घूम आयें। सुबह के नौ बजे थे। अचानक डाकपत्थर घूमने का विचार मन में आया। मैं और मेरी पत्नि जल्दी - जल्दी तैयार हुए। साथ में कैमरा व बायनाकुलर रख लिया। लौटते - लौटते शाम हो सकती है यह सोच कर शॉल भी रख लिया। पीने का पानी रखा। क्या पता वहाँ साफ पानी मिले न मिले। यद्दपि डाकपत्थर का नाम हमने बहुत पहले से सुन रखा था पर कभी जाना नहीं हुआ । उत्सुकता थी - वहाँ खूबसूरत डैम बना है। वहाँ बहुत सारे विदेशी पक्षी आते हैं। देहरादून से यह 42 -45 किलोमीटर की दूरी पर है। जाने का साधन निजी गाड़ी या फिर प्राइवेट बस - टैक्सी ही है।
हम आई. एस. बी. टी ( ISBT ) पहुँचे और वहाँ से प्राइवेट बस से डाकपत्थर के लिए प्रस्थान किये। तब तक दोपहर के 12 बज गए थे। वहाँ पहुँचते - पहुँचते सवा दो बज गए।जहाँ पर बस ने हमें उतारा वहाँ से करीब डेढ़ किलोमीटर का पैदल रास्ता था। हम दोनों पैदल ही चले। रास्ते में हमने झाड़ियों में Grey bushchat , Green bee -eater देखा। डैम पर पहुँच कर जो देखा , वह बहुत ही मनमोहक था। यमुना नदी पर बना लंबा डैम - इस किनारे उत्तराखण्ड और दूसरी ओर हिमाचल की ऊँची पहाड़ियाँ , सौंदर्य का अद्भुत समागम। डैम के स्थिर पानी में तैरते -उड़ते सुरखाब( Ruddy shelduck ) बरबस मन को आकर्षित कर रहे थे। हमने सुरखाब के बहुत सारे फोटो लिए। वहाँ कुछ और नई प्रजाति के पक्षी देखने को मिले जिनमें Common Pochard , Tufted Duck, Cormorant, White wagtail,White caped Redstart, Plumbeous Redstart, Lapwing,Heron,Egret,Pipit आदि थे। डैम के दोनों ओर प्रकृति की गोद में स्थित पहाड़ी छटा का आनन्द ही कुछ और था। वहाँ बहुत लोग घूमने आये हुए थे। प्राय: सभी के पास अपनी गाड़ियाँ थीं। एक बस से स्कूल के कुछ बच्चे और उनके साथ टीचर भी आये थे। पास में ही टूरिस्ट पार्क था। हम वहाँ भी गए। पार्क की सबसे बड़ी खूबी थी कि वह बहुत साफ-सुथरी थी। ऊँचे - ऊँचे तार के बाड़ों से घिरा था जो सुरक्षा की द्दृष्टि से अहम था।पार्क के दूसरी ओर यमुना का विस्तृत पार्ट था। बच्चे और बड़े सभी पार्क का आनन्द ले रहे थे। हमने भी कुछ समय वहाँ बिताया। हम दोनों शाम के पांच बजे वहाँ से वापस हो लिए। घर पहुँचते - पहुँचते रात के आठ बज गए।नीचे कुछ फोटो दिए हुए हैं जो हमने डाकपत्थर में लिए हैं।
Ruddy shelduck>
Grey bushchat
Pipit
White wagtail
Redstart ( White caped )


No comments:
Post a Comment